राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद सस्पेंड भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाह ने आज खुलकर बगावत करते हुए पार्टी छोड़ने के संकेत दे दिए। उन्होंने बड़े भाजपा नेताओं पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाकर हमला बोला है।
शोभारानी ने कहा- किसी भी नेता का वजूद उनके कार्यकर्ताओं से होता है, इसलिए हमारे कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया है कि वे खुद ऐसी पार्टी में नहीं रहना चाहते हैं, जिसके राष्ट्रीय नेता ही अपने प्रत्याशियों को हराने का काम करें। अब तक मैंने, मेरे कुशवाह समाज और मेरे सभी सर्वसमाज कार्यकर्ताओं ने धोखा बहुत खा लिया। अब कोई हमें दोबारा से धोखा दे, यह हमारे कार्यकर्ताओं को और हमें मंजूर नहीं है। जो पार्टी अपने ही उम्मीदवारों को हराए, उसमें कौन रहना चाहेगा?
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा विधायक शोभारानी ने क्रॉस वोटिंग करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद तिवारी के पक्ष में वोट दिया। उनके एक वोट से तिवारी चुनाव निकाल ले गए औऱ भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा हार गए।
शोभारानी पर भाजपा ने तुरंत कार्रवाई की और उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर नोटिस भेजा, जिसका जवाब सात दिन में मांगा गया है। नोटिस में कहा है कि आपने व्हिप का उल्लंघन कर घोर अनुशासनहीनता का परिचय दिया है। भाजपा के संविधान के आर्टिकल 25 के रूल 10-ब का उल्लंघन है। पार्टी ने पूछा है कि आप 7 दिन के अंदर बताएं कि क्यों न आपको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाए।
शोभारानी कुशवाह धौलपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में भाजपा की विधायक हैं। वह बसपा के टिकट पर धौलपुर विधानसभा से चुनाव जीत चुके बनवारी लाल कुशवाह की पत्नी हैं। बनवारी लाल हत्या के प्रयास मामले में जेल चले गए। इसके बाद इस सीट पर 9 अप्रैल 2017 को उपचुनाव हुआ। उपचुनाव में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने बनवारी लाल कुशवाह की पत्नी शोभारानी को भाजपा का टिकट दिला दिया। राजस्थान की राजनीति में शोभारानी कुशवाह वसुंधरा राजे की करीबी मानी जाती हैं।
उस उपचुनाव के तगड़े मुकाबले में शोभारानी ने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के बनवारी लाल शर्मा को मात दी। इसके बाद 2018 राजस्थान का विधानसभा चुनाव हुआ। इस चुनाव में धौलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शोभारानी कुशवाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और कांग्रेस के कैंडिडेट डॉ. शिवचरण कुशवाह को 19 हजार 360 मतों से हराया। शोभारानी कुशवाह पोस्ट ग्रेजुएट उद्योगपति हैं। इनका पीहर उत्तर प्रदेश के झांसी में हैं और ससुराल धौलपुर के जमालपुर गांव में हैं।
