
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज भाजपा पर तीखा हमला किया। साथ ही राजस्थान में भाजपा कार्यालय में भी पुलिस भेजने के संकेत दिए। उन्होंने भाजपा के कांग्रेस-मुक्त भारत बनाने के नारे पर चुनौती भरे अंदाज में कहा, आप लोगों के बाप-दादा भी आ जाएंगे तो कांग्रेसमुक्त भारत नहीं बनने वाला है। देश में हर जगह कांग्रेस है, हर गांव में कांग्रेस की चौकी है। यह विचारधारा है, यह कभी मुक्त नहीं होगी। कांग्रेस की विचारधारा देश का डीएनए है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा- ये संविधान-कानून से नहीं अपनी सोच से देश को चलाना चाहते हैं। इनकी सोच बहुत खतरनाक है, पता नहीं क्या-क्या सोच रखा है। आरएसएस-भाजपा ने भ्रष्टाचार में आतंक मचा रखा है। आयकर, ईडी में आपके मिलने वाले कोई हों तो पूछना, देश में 10 गुना भ्रष्टाचार बढ़ गया। इसीलिए इनलोगों ने लोकपाल की बात करना छोड़ दिया।
राहुल गांधी से ईडी पूछताछ का विरोध कर रहे कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने और कांग्रेस मुख्यालय में पुलिस घुसने को लेकर मुख्यमंत्री गहलोत ने तंज कसते हुए संकेत दिए कि अगर राजस्थान भाजपा दफ्तर में पुलिस घुस जाए तो क्या बीतेगी? राजस्थान में हमारी सरकार है, भाजपा वाले राजस्थान में आंदोलन करें, तो क्या हम वो ही व्यवहार करें जो इन्होंने हमारे साथ यहां किया है।
गहलोत ने कहा- मेरे भाई और मेरे बीच 45 साल से संबंध हैं। मनमुटाव भी नहीं हैं, मैंने अपने आपको समर्पित कर रखा है कांग्रेस को। मेरे कारण दूसरों को तकलीफ क्यों हो? जिस तरह पीएम मोदी के भाई को कोई नहीं जानता, उसी तरह मेरे भाई को भी कोई नहीं जानता। जब भाजपा का राज नहीं हो और गुजरात में नरेंद्र मोदी के भाई के घर छापेमारी हो तो क्या उन्हें अच्छा लगेगा? सोनिया गांधी जैसी नेता जिसने प्रधानमंत्री का पद नहीं लिया उन्हें ईडी का नोटिस दिलवा दिया। प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया जिस महान नेता ने, उनको आपने नोटिस दिलवा दिया ईडी का? थोड़ी बहुत तो एजेंसी वालों को शर्म आनी चाहिए थी। वो कह सकते थे कि भई आप क्या करवा रहे हो हम लोगों से? पर कर दिया दबाव में क्योंकि उनको नौकरी करनी है बेचारों को।
गहलोत ने कहा- देशभर का कार्यकर्ता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ खड़ा है। जिस तरह 1977 में इंदिरा गांधी को जेल भेजा गया था, उस वक्त जैसा माहौल था, वैसा ही जोश आज नजर आ रहा है। हमें केंद्र के खिलाफ जेल भरो अभियान करना पड़ा तो वह करेंगे, हम सब लोग जेलों में जाएंगे।