केरल में इस्लामिक स्ट्डीज दो छात्रों ने रामायण प्रतियोगिता में शानदार जीत हासिल की है। मलप्पुरम के दो मुस्लिम छात्रों मोहम्मद जाबिर पीके और मोहम्मद बसीथ एम ने रामायण पर ऑनलाइन क्विज जीता है। इस प्रतियोगिता में एक हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया था। दोनों छात्र केकेएचएम इस्लामिक एंड आर्ट्स कॉलेज वालेंचेरी में इस्लामिक स्ट्डीज की पढ़ाई करते हैं। दोनों युवाओं का रामायण में पसंदीदा अयोध्याकांड है, जिस कांड के एक श्लोक में लक्ष्मण के क्रोध और प्रभु श्रीराम की ओर से अपने भाई को दी जा रही सांत्वना का जिक्र है। भगवान राम राज्य और शक्ति की निरर्थकता के बारे में बता रहे हैं। दोनों युवा थुंचथु रामानुजन एज़ुथाचन द्वारा लिखित महाकाव्य के मलयालम संस्करण ‘अध्यात्म रामायणम’ के छंदों को धाराप्रवाह और मधुर आवाज में प्रस्तुत करते हैं। इसका अर्थ भी विस्तार से बताते हैं। मोहम्मद जाबिर पीके और मोहम्मद बसीथ एम ने इस महाकाव्य का गहराई से अध्ययन किया है। यही कारण है कि दोनों ने इस प्रतियोगिता पर कब्जा किया है. दोनों कॉलेज के दोस्त हैं।
यह प्रतियोगिता डीसी बुक्स पब्लिशिंग हाउस द्वारा आयोजित की गई थी। बसीथ और जाबिर पांचवें और अंतिम साल के छात्र है। केकेएसएम इस्लामिक एंड आर्ट्स कॉलेज में यह 8 साल का कोर्स होता है। स्थानीय मीडिया में बसीथ और जाबिर की खूब चर्चा हो रही है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। छात्रों ने बताया कि बचपन से ही वे महाकाव्य के बारे में जानते थे, लेकिन वाफे कोर्स के दौरान उन्होंने इस महाकाव्य और हिन्दू धर्म के बारे में गहराई से अध्ययन किया। वाफे के सिलेबस में हर धर्म के बारे में पढ़ाया जाता है। उन्होंने बताया कि उनके पुस्तकालय में हर धर्म की किताबें उपलब्ध है।
