केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा दिया है। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट बैठक में सरकार ने केंद्र के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 4 फीसदी बढ़ाने का फैसला लिया है। पिछली बार सरकार ने मार्च में डीए बढ़ाया था, यह 1 जनवरी 2022 से लागू हुआ था। मार्च में सरकार ने डीए में 3 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। तब इसे 31 फीसदी से बढ़ाकर 34 फीसदी कर दिया गया था। अब 4 फीसदी बढ़ने के बाद यह 38 फीसदी हो जाएगा। सरकार के महंगाई भत्ते बढ़ाने से देश के 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनधारकों को फायदा होगा।
केंद्रीय कैबिनेट ने पीएम गरीब कल्याण योजना को 3 महीने बढ़ाने का भी फैसला लिया है। अब इस योजना का लाभ दिसंबर 2022 तक मिलता रहेगा। सितंबर 2022 को ये योजना खत्म हो रही थी। केंद्र के इस फैसले से देश के 81 करोड़ से अधिक लोगों को एक बार फिर से राहत मिली है। अब देश के जरूरतमंदों को दिसंबर 2022 तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा।
इस योजना के तहत सरकार नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत पहचान किए गए लोगों को मुफ्त राशन देती है। इसमें 80 करोड़ राशन कार्डधारकों को मुफ्त राशन मिलने वालों की सूची में रखा है। इस योजना के तहत मिलने वाला मुफ्त राशन, कार्डधारकों को राशन की दुकानों के जरिए मिलने वाले सब्सिडी वाले अनाज के अलावा और उसके ऊपर होता है।
