
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की आज जांच की गई। जांच के बाद एक प्रत्याशी झारखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री केएन त्रिपाठी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया, जिसके बाद मैदान में दो प्रत्याशी ही बचे। इन दोनों में कोई अपनी दावेदारी वापस नहीं लेते है तो 17 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा। नतीजा 19 अक्टूबर को सामने आएगा। इस बात की जानकारी कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने दी।
मिस्त्री ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन कुल 20 फॉर्म भरे गए। आज इन स्क्रूटनी कमेटी ने इन नामांकन पत्रों की जांच की, जिसके बाद चार फॉर्म को रद्द किया गया। नामांकन फॉर्म को रद्द करने की वजह हस्ताक्षर में त्रुटि बताई गई। 8 अक्टूबर तक नाम वापसी हो सकेगी। इसके बाद तस्वीर साफ होगी। मिस्त्री ने बताया कि खड़गे और थरूर में से कोई अपना नाम वापस नहीं लेता है, तो 17 अक्टूबर को वोटिंग होगी।
चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मिस्त्री ने मल्लिकाजुर्न खड़गे और शशि थरूर का नाम लेते हुए बताया कि अभी कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में ये दोनों प्रत्याशी हैं। शशि थरूर का कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना पहले से तय था। अध्यक्ष पद की रेस में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे की अंतिम समय में एंट्री हुई।
नामांकन पत्रों की जांच से इतर आज मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में कयास यही लगाया जा रहा है कि खड़गे इस चुनाव में पूरी दमखम से लड़ेगे। दूसरी ओर केरल के सांसद शशि थरूर भी अपना सोशल मीडिया कैंपन शुरू कर चुके हैं। ऐसे में इन दोनों में मुकाबले की बात पक्की मानी जा रही है। नामांकन के दौरान खड़गे के पक्ष में जिस तरह कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिखे थे, उसे देखते हुए खड़गे की दावेदारी ज्यादा मजबूत मानी जा रही है।