अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता अरुण बाली का निधन हो गया है। वे लंबे वक्त से बीमार थे। परिजनों के अनुसार वे न्यूरोमस्कुलर बीमारी से जूझ रहे थे। इससे उन्हें बोलने में परेशानी होती थी। अरुण बाली की खराब तबीयत के चलते उन्हें कुछ महीने पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अरुण बाली के निधन की खबर आते ही उनके फैंस से लेकर बॉलीवुड सितारे शोक में डूब गए हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनको लेकर पोस्ट कर रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। अरुण बाली इंडस्ट्री के मंझे हुए कलाकार थे। आखिरी बार एक्टर आमिर खान और करीना कपूर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा में दिखे थे। फिल्म में वो ट्रेन में बूढ़े व्यक्ति के रोल में दिखे थे। अरुण बाली ने 3 इडियट्स, केदारनाथ, पानीपत, हे राम, दंड नायक, रेडी, ज़मीन, पुलिसवाला गुंडा, फूल और अंगार तथा राम जाने फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा उन्होंने टीवी धारावाहिकों में भी दमदार रोल निभाया था।
अरुण बाली ने टीवी में अलग-अलग किरदारों से नाम कमाया। उन्होंने ‘नीम का पेड़’, ‘दस्तूर’, ‘चाणक्य’, ‘देख भाई देख’, ‘द ग्रेट मराठा’, ‘शक्तिमान’, ‘स्वाभिमान’, ‘देस में निकला होगा चांद’, ‘कुमकुम- एक प्यारा सा बंधन’, ‘वो रहने वाली महलों की’ और ‘देवों के देव महादेव’ जैसे मशहूर धारावाहिकों में काम किया था।
