यात्रीगण कृपया ध्यान दें… मैनपुरी से डिंपल भाभी को जिताएं। इटावा जंक्शन पर शनिवार रात करीब 11 बजे अचानक यह अनाउंसमेंट होने लगा। ऐसा 15 से 20 बार हुआ। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को पहले तो लगा कि कहीं स्टेशन पर चुनाव प्रचार तो नहीं हो रहा। लेकिन कई बार सुनने के बाद वे समझ गए कि पूछताछ केन्द्र के माइक से ही ये अनाउंसमेंट हो रहा है।
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने कहा कि पहली बार हम लोगों ने रेलवे के अनाउंसमेंट माइक से चुनाव प्रचार की आवाज सुनी। 15-20 बार डिंपल यादव के नारे लगे हैं। यात्रियों ने बताया कि रात के समय पूछताछ केंद्र खाली था। तभी कुछ लोगों ने वहां जाकर ये हरकत की। उन लोगों की पहचान नहीं हो पाई है।
यात्रियों ने मामले की पूछताछ खिड़की पर पहुंचकर शिकायत भी की है। मामला सामने आने के बाद रेलवे अधिकारी जांच में जुट गए। जीआरपी भी अपने स्तर से पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि ये हरकत किसने की है। रेलवे अधिकारी इस घटना को लेकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
रेलवे स्टेशन के सीएमआई ने बताया- रात को ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने सुबह मामले की जानकारी दी है। मंडल ऑफिस रिपोर्ट भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
अपने दोस्त को रात में स्टेशन पर छोड़ने आए चंद्रवीर सिंह ने बताया कि रेलवे यूनियन के कुछ कर्मी प्रयागराज जा रहे थे। उनमें से ही कुछ ने रेलवे इन्क्वायरी के अंदर घुस कर के यह अनाउंसमेंट किया है। इसमें डिंपल यादव जिंदाबाद और उनको मैनपुरी चुनाव में वोट देने की नारेबाजी की जा रही थी। रात में ही जीआरपी को इसकी सूचना दी गई। उनके आने से पहले ही सभी लोग चले गए।
सपा के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर को उप चुनाव होना है। सपा ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। सैफई परिवार के लिए मैनपुरी सीट सियासत की सीढ़ी का काम करती है।
