गद्दार विवाद के बाद भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों की बैठक में आज सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट पहली बार एक मंच पर आए हैं। बैठक में पायलट-गहलोत ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। कांग्रेस संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में यह बैठक आज कांग्रेस वॉर रूम में हुई।
बैठक से पहले सीएम गहलोत ने राहुल गांधी वाली लाइन को दोहराया। पायलट को गद्दार बताने के बाद अब उन्हें एसेट मान लिया। मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा, जब राहुल गांधी ने कहा है कि दोनों नेता एसेट हैं तो एसेट हैं। इसमें कहने को कुछ रह नहीं जाता है, उनके कहने के बाद फिर बहस किस बात की।
गहलोत ने कहा कि आजादी के पहले और बाद में हमारी पार्टी की सबसे बड़ी खूबी यह रही है कि जो नंबर वन नेता होता है, उसके अनुशासन में पार्टी चलती है। उनके कहने के बाद कोई गुंजाइश नहीं रहती। राहुल गांधी ने कह दिया तो हम सब एसेट ही हैं। इसके मायने ये भी कि हम लोगों के साथ हर कार्यकर्ता एसेट हैं। अच्छी बात कही है। दोनों नेता एसेट हैं तो उनके फॉलोअर भी एसेट हैं। सब मिलकर यात्रा को भी कामयाब करेंगे। अगला चुनाव मुख्य मुद्दा है, वह हम जीतकर बताएंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच हाल ही गहराए विवाद में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा तक ‘सियासी-सीजफायर’ के आसार बन गए हैं। हाईकमान की तरफ से यात्रा निकलने तक दोनों खेमों को कोई विवाद नहीं पड़ने के संकेत मिले हैं। गहलोत के पायलट को गद्दार कहने से शुरू हुए विवाद को निपटाने के लिए बीच का रास्ता निकाला गया है। दोनों नेताओं को साधने का फॉर्मूला अपनाया गया है।
