झालरापाटन में भारत जोड़ो यात्रा के पहले दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट रमेश मीणा, प्रताप सिंह खाचरियावास, नीरज डांगी, प्रताप सिंह सहित कई नेताओं से सियासी चर्चा की। इस दौरान कई अन्य विधायकों ने भी राहुल गांधी से मिलने का प्रयास किया। यात्रा के दौरान उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति हो गई जब राहुल गांधी ने बार-बार टोके जाने पर कांग्रेस विधायक रफीक खान पर अपनी नाराजगी जाहिर की। राहुल गांधी की नाराजगी से आसपास चल रहे अन्य नेता भी सकते में आ गए।
भारत जोड़ो यात्र के दौरान कांग्रेस विधायक रफीक खान पहले राहुल गांधी के पीछे वाली लाइन में चल रहे थे, लेकिन किसी तरीके से वो राहुल गांधी और सचिन पायलट के करीब आ गए। इस दौरान राहुल गांधी किसी अन्य भारत यात्री से चर्चा कर रहे थे। विधायक रफीक खान बार-बार राहुल गांधी , टोका टोकी कर रहे थे। दो बार टोकने पर राहुल गांधी ने कुछ नहीं कहा लेकिन तीसरी बार रफीक खान ने राहुल गांधी से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने रफीक खान को झिड़क दिया। राहुल गांधी की नाराजगी देखकर रफीक खान ने भी अपने पैर पीछे खींच लिए। राहुल गांधी की नाराजगी और गुस्सा देखकर साथ चल रहे अन्य नेता भी सकते में आ गए, जिसके बाद राहुल गांधी के सुरक्षा अधिकारी ने आगे आकर रफीक खान को लाइन से किनारे कर दिया। यात्रा में चल रहे जिन भी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस नजारे को देखा वो सभी हतप्रभ रह गए।
उसके बाद रफीक खान राहुल गांधी के आसपास नजर नहीं आए। रफीक खान जयपुर के आदर्श नगर से कांग्रेस विधायक हैं और अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष भी हैं। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज यात्रा के दौरान छोटे बच्चों बच्चियों और स्थानीय महिलाओं से भी मुलाकात करके उनसे संवाद किया था। इसके अलावा यात्रा में चल रहे एनएसयूआई युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भी राहुल गांधी ने मुलाकात की।
