कांग्रेस ने राहुल गांधी की यात्रा खत्म होने के बाद भी उसका असर बनाए रखने की रणनीति बनाई है। इसके तहत तीन स्तर पर काम होगा। पहला गांव और ब्लॉक स्तर पर, दूसरा जिला स्तर पर और तीसरा प्रदेश स्तर पर होगा। इसमें कांग्रेसी नेता हर गांव और बूथ को कवर करते हुए 2 महीने की पदयात्रा करेंगे। गांव-गांव में कांग्रेस का झंडा फहराकर शुरुआत होगी। इसके अलावा डोर-टू-डोर सम्पर्क करके मोदी सरकार के खिलाफ आरोपपत्र बांटे जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। कांग्रेस के सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, निगम-बोर्ड के अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, सांसद और विधायकों के चुनाव लड़ चुके नेताओं, एआईसीसी मेंबर्स और पीसीसी प्रतिनिधियों कहा गया है कि वे 26 जनवरी से इस अभियान में अनिवार्य रूप से जुड़कर पदयात्रा में शामिल हों। इसके लिए 26 से 29 दिसंबर तक ब्लॉक स्तर पर बैठकें करके कार्यकर्ताओं को अभियान की जानकारी देने और जिम्मेदारी तय करने के लिए कहा गया है।
लोगों को जोड़ने के लिए कांग्रेस, भारत जोड़ो मोमेंट्स की भी सहायता लेगी। इसके लिए गांवों में हर दरवाजे पर भारत जोड़ो स्टिकर चिपकाने का लक्ष्य रखा गया है। हर गांव में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर भारत जोड़ो यात्रा के वो भावनात्मक वीडियोज दिखाए जाएंगे, जिनमें राहुल गांधी गांव के लोगों से मिलते, उनकी समस्याएं सुनते दिख रहे हैं। इन वीडियो में लोग अपने प्रेम और दुख का इजहार राहुल से कर रहे हैं।
हर गांव में व्हाटसएप ग्रुप बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है। वहीं यात्रा के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी का पत्र बांटा जाएगा। हर जिला मुख्यालय पर सम्मेलन भी रखे जाएंगे। कांग्रेस राज्य स्तर पर इस अभियान का समापन महारैली से करेगी। इसे राष्ट्रीय स्तर के नेता सम्बोधित करेंगे। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आने की संभावना है। इसके अलावा भारत जोड़ो मेला लगाया जाएगा। इसमें एलईडी पर भारत जोड़ो यात्रा के खास फुटेज दिखाए जाएंगे।
दो महीने के इस अभियान के तहत राज्य स्तर पर महिलाओं के बीच पकड़ मजबूत करने के लिए कांग्रेस अपने अभियान का विस्तार करेगी। इसकी जिम्मेदारी प्रियंका गांधी संभालेंगी। हर प्रदेश की राजधानी में महिला मार्च होगा, जिसका नेतृत्व प्रियंका गांधी करेंगी। राजस्थान में भी जयपुर में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में महिला मार्च निकाला जाएगा। इसके खत्म होने पर महिला घोषणा पत्र जारी किया जाएगा।
भारत जोड़ो यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो और विस्तार कार्यक्रम से राजस्थान सहित उन राज्यों को फायदा होगा, जहां 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं मार्च 2023 में कर्नाटक में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। उसे देखते हुए भी ये कार्यक्रम कांग्रेस को फायदा पहुचाएंगे। राजस्थान में यात्रा को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद पीसीसी राजस्थान इन कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गई है।
कांग्रेस ने हाल ही में हाथ से हाथ जोड़ो सहित तमाम निर्णयों पर मुहर लगाई है। इसी के साथ फरवरी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होगा। तीन दिन के इस अधिवेशन में विभिन्न मसलों पर चर्चा होगी। साथ ही महत्वपूर्ण विषयों पर संकल्प लिए जाएंगे। इस दौरान एक बड़ी जनसभा भी होगी।
