जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में रेडीमेड का शोरूम चलाने वाले संचालक को अपने दो कर्मचारियों पर भरोसा करना भारी पड़ गय। वह कर्मचारियों के हवाले घंटों तक शोरूम छोड़ जाते। कुछ समय बाद कर्मचारियों ने एक-एक कर काम छोड़ दिया। मालिक को समझ नहीं आया कि ऐसा क्यों हुआ। पता चला कि कर्मचारियों ने कुछ महीनों के दौरान इतना माल चुराया कि खुद का शोरूम खुल जाए।
शोरूम मालिक ने मानसरोवर थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार मांग्यावास निवासी राहुल ने केस दर्ज कराया है। उनका जयपुर सहित कई शहरों में बडा काम है। अंडरगारमेंट, शर्ट्स, कंबल, पैंट और अन्य कपड़ों की सिलाई और व्यापार का काम है। साथ ही कई कंपनियों के ब्रांडेड आइटम का काम ले रखा है। राहुल ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पहले रवि और उसके बाद तन्नू नाम के दो लड़कों को काम पर रखा था।
दुकान, गोदाम, शोरुम सभी में दोनों लड़कों ने जल्द ही काम संभाल लिया। फिर अचानक दो महीने के भीतर दोनो ने ही काम छोड़ दिया। राहुल ने पुलिस को बताया कि दोनों ने काम के दौरान इतना माल चुराया कि नया शोरुम खुल जाए। दोनों लड़कों ने पूरी प्लानिंग से काम किया। एक लड़का शाम के समय सब से छुपकर माल कचरे में फेंक देता और दूसरा लड़का कचरे की गाड़ी आने से पहले माल उठा ले जाता। पुलिस को राहुल ने बताया कि महंगे लग्जरी अंडरगारमेंट और महंगे शर्ट्स चुराए गए हैं। इसके अलावा और भी काफी माल गायब है। इस माल की कुल कीमत करीब 28 से तीस लाख रुपए है। पुलिस को कुछ फुटेज और अन्य सबूत भी दिए गए हैं।
