देश भर में एजुकेशन हब के तौर पर मशहूर हो चुके कोटा शहर में एक हॉस्टल की छठी मंजिल से गिरकर एक कोचिंग स्टूडेंट की मौत हो गई। गुरुवार रात को 11:15 बजे इशांशु अपने तीन दोस्तों के साथ बालकनी में बैठा था। कुछ देर बाद चारों दोस्त उठकर जाने लगे। इसी दौरान इशांशु उठकर चप्पल पहनने लगा तो उसका बैलेंस बिगड़ गया। पास ही बालकनी में लगी जाली को तोड़ते हुए वह सीधा नीचे जा गिरा।
पुलिस ने बताया कि मृतक इशांशु भट्टाचार्य (20) धुपगुरी, जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला था। वह कोटा के जवाहर नगर इलाके में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। वह वात्सल्य रेजीडेंसी हॉस्टल की छठी मंजिल पर रहता था। यह 10 मंजिला हॉस्टल है। वह यहां पिछले साल अगस्त में आया था।
हादसे की जानकारी लगते ही दूसरे छात्र मौके पर पहुंच गए। घायल इशांशु को तलवंडी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। इतनी ऊंचाई से गिरने की वजह से स्टूडेंट का चेहरा बिगड़ गया।
पुलिस ने उसके घर वालों को सूचना दे दी है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। डीएसपी का कहना है कि यह सुसाइड का मामला नहीं है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी है। इसमें बच्चा असंतुलित होकर गिरता नजर आ रहा है।
माना जा रहा है कि बालकनी में लगी विंडो की हाइट कम और कमजोर जाली के कारण यह हादसा हुआ है। हर मंजिल की बालकनी में एल्यूमीनियम की जालियां लगाई गई हैं। होस्टल संचालकों ने यहां पर फर्श और जाली के बीच बहुत कम गैप छोड़ा हुआ है। जालियां भी काफी कमजोर हैं।
मृतक के दोस्त अभिषेक ने बताया- हम लोग बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे थे, ताकि थोड़ा रिलैक्स हो सकें। गेम खत्म होने के बाद आपस में बातें करने लगे। इसके बाद वापस पढ़ाई करने के लिए कमरे में जाने के लिए खड़े हुए तभी यह हादसा हो गया। हम दौड़कर नीचे पहुंचे तो इशांशु के सिर से खून निकल रहा था।
