राजस्थान में सर्दी का असर अब कम होने लगा है। दिन धीरे-धीरे गर्म होने लगे हैं। रात में भी तापमान बढ़ने लगा है। पिछले 3 दिन के अंदर राज्य के कई शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बाड़मेर में कल दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। वहीं रात के तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गए है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 10 फरवरी तक राज्य में मौसम बिल्कुल शुष्क रहेगा और कई शहरों में दिन का पारा और बढ़ेगा, जिससे सर्दी का असर बहुत कम रह जाएगा।
जयपुर मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के अनुसार आज अजमेर, जयपुर, कोटा, बूंदी, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और गंगानगर जिले में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा 13.9 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में रहा। यहां कल दिन का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। बाड़मेर में पिछले चार दिन के अंदर दिन और रात के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है।
जयपुर में भी दिन-रात का तापमान बढ़ने से लोगों को सर्दी से राहत मिली है। शहर में आज न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसी तरह गंगानगर, हनुमानगढ़ में भी अब पारा बढ़ने और मौसम शुष्क रहने लगा है। हनुमानगढ़ में पिछले तीन दिन से दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज होने लगा है। हनुमानगढ़ में जनवरी के पूरे महीने में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया था। इसके साथ ही राजस्थान से उत्तरी हवाओं का असर कम होने से शाम को शीतलहर भी चलनी बंद हो गई।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 10 फरवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान पूरे राज्य में अच्छी धूप निकलेगी और दिन का तापमान कई शहरों में 28 डिग्री सेल्सियस से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है। रात का तापमान भी कई शहरों में 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो सकता है।
