राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के कद्दावर नेता रहे गुलाबचंद कटारिया असम के राज्यपाल बन गए हैं। बुधवार को असम के मुख्य न्यायाधीश संदीप मेहता ने गुवाहाटी में उनको राज्यपाल पद की शपथ दिलवाई। इस दौरान असम के सीएम हिमंत बिस्वा, राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे।
इससे पहले कटारिया मंगलवार को उदयपुर से असम के लिए परिवार के साथ चार्टर प्लेन से रवाना हुए थे। गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचने पर कटारिया को रेड कार्पेट वेलकम दिया गया। असम के प्रमुख राजनेता, नौकरशाह, सेना और पुलिस के आला अधिकारी कटारिया के प्रोटोकॉल में मौजूद रहे।
12 फरवरी को असम राज्यपाल के पद के लिए गुलाबचंद कटारिया के नाम का ऐलान हुआ था। जिसे 10 दिन हो चुके हैं। लेकिन राजस्थान भाजपा अभी तक अपना नेता प्रतिपक्ष नहीं तय कर पाई है। वहीं कटारिया को प्रदेश भाजपा ने सभी पदों से मुक्त कर दिया है। पार्टी ने उनकी विधायकी एवं नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा मंगलवार को स्वीकार कर लिया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने यह जानकारी दी।

