बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्टर की पत्नी आलिया सिद्दीकी ने उनपर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों के बीच विवाद पिछले काफी समय से चल रहा है। अब आलिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए सभी को हैरान कर दिया है। वीडियों में उन्होंने नवाजुद्दीन पर उन्हें और बच्चों को आधी रात घर से निकालने का आरोप लगाया है।
आलिया ने थोड़ी देर पहले ही अपने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें उनके दोनों बच्चों के साथ नवाज ने घर से बाहर निकाल दिया है। आधी रात में वह अपने बच्चों के साथ सड़क पर खड़ी होकर ये वीडियो बना रही हैं। बीते दिनों आलिया के वकील ने बताया था कि वे वर्सोवा पुलिस स्टेशन जाएंगी। इसी बीच उनका ये चौंकाने वाला वीडियो आया है।
वीडियो में आलिया अपने दोनों बच्चों के साथ घर के बाहर खड़ी हैं और कह रही हैं, मेरी बच्ची रो रही है वो बहुत परेशान हैं। मैं नहीं जानती नवाज ऐसा क्यों कर रहे हैं, क्या उसे ये शोभा देता है। मैं नवाज के बंगले से आईं हूं, ये मेरे दोनों बच्चे हैं। हमें बंगले से निकाल दिया है। अब मुझे समझ नहीं आ रहा है, न मेरे पास पैसे हैं न घर है। कुछ समझ नहीं आ रहा मैं बच्चों को लेकर कहां जाऊं।
एक्टर की पत्नी ने एक वीडियो और शेयर किया है, जिसमें उनके बच्चे सोते हुए नजर आ रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने एक लंबा चौड़ा पोस्ट भी शेयर किया है, इसमें वे नवाज की सच्चाई सभी के सामने लाने की बात कह रही हैं। हालांकि इस वीडियो के पीछे की सच्चाई क्या है, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।
