हवाई सफर में पेशाब करने का एक और मामला सामने आया है। अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट में नशे में धुत एक भारतीय छात्र ने अमेरिकी यात्री के ऊपर पेशाब कर दी। घटना 3 मार्च की बताई जा रही है। मामला अब सामने आया है। ये फ्लाइट न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही थी। एयरलाइन का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने माफी मांग ली, लेकिन एयरलाइंस ने आरोपी पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है।
दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने कहा- फ्लाइट 292 में अमेरिकी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाला छात्र आर्य वोहरा शराब के नशे में धुत होकर यात्रा कर रहा था। उसने सोते समय पेशाब कर दी, जो लीक होकर पास बैठे यात्री पर गिर गई। इस बात की शिकायत क्रू से की गई।
अधिकारी ने कहा- फ्लाइट ने 3 मार्च रात 9:16 बजे न्यूयॉर्क से उड़ान भरी थी। 14 घंटे 26 मिनट की यात्रा के दौरान ये घटना हुई। आरोपी ने पीड़ित यात्री से माफी मांग ली। इसलिए वो इस मामले की जानकारी पुलिस को नहीं देना चाहता था, लेकिन जब क्रू को पता चला तो उन्होंने पायलट को बताया।
विमान 4 मार्च सुबह 10:12 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ तो एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) को मामले की सूचना दी गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवानों ने विमान से उतरते ही आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
अमेरिकन एयरलाइंस ने कहा- छात्र बहुत नशे में था। वो क्रू मेंबर्स की बात नहीं सुन रहा था। जब उसे अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा गया तो वो बहस करने लगा। वो बाकी यात्रियों को परेशान कर रहा था। थोड़ी देर बाद वो सो गया।
फ्लाइट में किसी यात्री पर पेशाब करने का ये तीसरा मामला है। इससे पहले 26 नवंबर 2022 को ऐसा मामला सामने आया था। तब शेखर मिश्रा नाम के आरोपी ने न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट में एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दी थी।
6 दिसंबर को पेरिस से दिल्ली आ रही एअर इंडिया फ्लाइट में नशे में धुत यात्री ने महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दी थी। महिला ने पुलिस में केस दर्ज कराने से मना कर दिया था। इसलिए सीआईएसएफ और कस्टम ने अपनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को जाने दिया था।
