राजस्थान में पुलिस ने रविवार को बदमाशों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मात्र साढ़े 5 घंटे में 7 जिलों से 652 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश से बुलेट प्रुफ जैकेट मिली। यह जैकेट एनकाउंटर में मारा गया गैंगस्टर आनंदपाल इस्तेमाल करता था। पकड़े गए बदमाशों में गैंगस्टर आनंदपाल और लॉरेंस गैंग के सदस्य शामिल है।
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया कि आज बीकानेर रेंज के बीकानेर, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ और उदयपुर, जोधपुर, कोटा जिलों में सुबह 5 से 10.30 बजे तक कार्रवाई की। 7 जिलों के एसपी ने अपने-अपने जिलों में गैंगस्टर और हार्डकोर बदमाशों के ठिकानों पर रेड मारी। इसमें कुल 2920 पुलिसकर्मियों ने एक साथ 350 से ज्यादा जगहों पर दबिश दी।
बीकानेर रेंज में आईजी ओम प्रकाश के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। रविवार सुबह 5 बजे कंट्रोल रूम में बैठकर इस ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। जो सुबह 10.30 बजे पूरी हुई। रेड के दौरान एक बड़ा हिस्ट्रीशीटर राजू सिंह भी पकड़ा। उसके पास से पुलिस को 6 पिस्टल, 44 बुलेट और एक बुलेट प्रूफ जैकेट मिली है। राजू सिंह आनंदपाल का पुराना साथी रहा है। राजू के पास जो बुलेट प्रुफ जैकेट मिला है, वह आनंदपाल का ही है। बीकानेर में बदमाशों के 95 संभावित जगहों पर रेड की गई। इस दौरान गैंगस्टर आनंदपाल और रोहित गोदारा के गुर्गों के साथ ही राजू ठेहट हत्याकांड में फरार एक आरोपी सुखदेव धवल को पकड़ा गया। कुल 42 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
श्रीगंगानगर में पुलिस ने रविवार अलसुबह जिले में 75 बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर लॉरेंस गैंग के 22 बदमाशों को गिरफ्तार किया। फायरिंग, फिरौती मांगने जैसे मामलों में शामिल कुल 52 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। हिस्ट्रीशीटर हरिओम रामावत को गिरफ्तार किया है। रामावत 1 लाख रुपए के इनामी बदमाश रोहित गोदारा का करीबी है। आरोपी के पास से पिस्टल-बुलेट मिली। इसके अलावा लॉरेंस के करीबी कुलजीत राणा और आशीष बिश्नोई को गिरफ्तार किया।
दिनेश एमएन ने बताया कि कोटा, जोधपुर और उदयपुर सिटी को सबसे पहले टास्क दिया गया। इस दौरान कोटा पुलिस ने 247 बदमाशों को पकड़ा गया। इसमें बड़ी संख्या में हिस्ट्रीशीटर शामिल थे। जोधपुर सिटी में पुलिस ने 100 बदमाशों को गिरफ्तार किया। उदयपुर में पुलिस ने 125 बदमाशों को गिरफ्तार किया।
चूरू पुलिस अधीक्षक ने 250 पुलिसकर्मियों के साथ 45 जगह पर रेड की। इस दौरान कुल 18 बदमाशों को गिरफ्तार कर 9 वाहनों को जब्त किया हैं। हनुमानगढ़ एसपी ने सुबह 5 बजे 350 पुलिसकर्मियों के साथ छापे मारी शुरू की। 116 जगहों पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस मादक पदार्थ की सप्लाई, अवैध हथियार और शराब तस्करी से जुड़े हुए 48 बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस दौरान 500 ग्राम पॉपी, 51 ग्राम स्मैक, दो 12 बोर पिस्टल, बरामद किया। पुलिस ने 4 वाहनों को भी जब्त किया।
