जोधपुर के लूणी क्षेत्र के एक युवक को मुंबई पुलिस द्वारा पंजाब के दिवंगत गायक सिद्धू मुसेवाला के पिता और फिल्म अभिनेता सलमान खान को ई-मेल कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। रविवार को लूणी थाना क्षेत्र के रोहिचा कलां निवासी 21 वर्षीय धाकड़ राम विश्नोई को उसके घर से लूणी पुलिस ने पकड़ के मुंबई पुलिस को सुपुर्द किया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद मुंबई पुलिस उसे साथ ले गई।
मुंबई पुलिस उसको मुंबई लेकर निकलने के कुछ देर बाद ही पंजाब पुलिस भी धाकड़राम को लेने लूणी पहुंची। लेकिन तब तक मुंबई पुलिस उसे लेकर निकल गई। अब पंजाब पुलिस उसे पंजाब भी पूछताछ के लिए ले जाएगी। एसीपी जयप्रकाश अटल ने बताया की मुंबई पुलिस की सूचना पर हमने उसे रोहिचा कला से गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस को सौंपा। आरोपी धाकड़राम विश्नोई ने एक्टर सलमान खान को भेजे ईमेल में लिखा कि सिद्धू मुसेवाला का जो हाल हुआ है, तुम्हारा भी यही हाल होगा।
इस मामले में गिरफ्तार धाकड राम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद को कांग्रेस का ब्लॉक अध्यक्ष बता रखा है। जोधपुर पुलिस उसका स्थानीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। क्योंकि कई फोटो हथियार के साथ सोशल मीडिया में डाले गए है।
इसी माह छह मार्च को जोधपुर के डांगियावास पुलिस थाना इलाके से भी एक 14 साल के नाबालिग युवक से इसी मामले में सोशल मीडिया पर धमकी के मामले में पंजाब पुलिस ने जोधपुर आकर पूछताछ की थी। लेकिन उसे गिरफ्तार नही किया गया। इस बार मुंबई पुलिस पड़ताल के बाद पहुंची और आरोपी को उठा कर ले गई। सलमान खान को सबसे पहले जोधपुर कोर्ट में मारने की धमकी दी थी। इसके बाद गत वर्ष मूसेवाला की हत्या के बाद सलमान खान को मारने के लिए उसका गुर्गा रैकी करने गया था। सलमान के घर लेटर भी फेंका गया। इसके चलते ईमेल की धमकी को भी लॉरेंस से जोड़ कर देखा जा रहा है। क्योंकि लॉरेंस के फॉलोवर बड़ी संख्या में जोधपुर जिले में है।
