सांगोद विधायक और पूर्व मंत्री भरत सिंह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर एक बार फिर से तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक पत्र लिखकर सांगोद विधानसभा क्षेत्र की जनता से माफी भी मांगी है। उन्होंने अपने ही दल की राज्य सरकार पर एडीजे कोर्ट खोलने की घोषणा अब तक पूरी न होने को लेकर नाराजगी जताई है।
इस मामले को लेकर भरत सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए खुला पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा कि सीएम अशोक गहलोत ने पिछले साल 2022 के बजट में सांगोद में एडीजे कोर्ट खोलने की घोषणा की थी। जिसे अब 1 साल हो चुका है, लेकिन इतना समय बीतने के बावजूद इस घोषणा पर ध्यान ही नहीं दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि सांगोद को छोड़कर बाकी जगहों पर एडीजे कोर्ट खोलने की घोषणा हुई थी। वहां पर कोर्ट खोले भी जा चुके हैं।
भरत सिंह ने पत्र में आगे लिखा, ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री ने सांगोद में एडीजे कोर्ट बनाने की घोषणा शायद गलती से कर दी थी। सांगोद विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने एक साल पहले जो खुशी मनाई थी, वह सिर्फ और सिर्फ भ्रम पैदा करने के लिए थी। हमें अब मान लेना चाहिए कि वह थोथी घोषणा थी।
सिंह ने लिखा कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र के लोग 11 अप्रैल को इस मुद्दे पर कोटा रेंज आईजी ऑफिस के बाहर गृह मंत्रालय के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस खुले पत्र को मुख्यमंत्री गहलोत के अलावा राजस्थान पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा को भी भेजा गया है।
