आज एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की आज आई रिपोर्ट में देश के 30 मुख्यमंत्रियों में से 29 मुख्यमंत्री (97फीसदी) करोड़पति दिखाए गए हैं। सबसे ज्यादा अमीर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी हैं, जबकि सबसे गरीब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बताया गया है। यह रिपोर्ट देश के 30 मुख्यमंत्रियों द्वारा दाखिल किए गए शपथ पत्र पर आधारित है, जिसमें उनकी संपत्ति का ब्यौरा दर्ज है। रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि इन मुख्यमंत्रियों के पास औसतन 33 करोड़ 96 लाख की संपत्ति है।
रिपोर्ट में सबसे पहले नंबर पर जगन मोहन रेड्डी हैं। वह 500 करोड़ की संपत्ति के साथ पहले नंबर पर काबिज हुए हैं। दूसरे नंबर पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू हैं, जिनकी 163 करोड़ की संपत्ति है। इसके बाद तीसरे नंबर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक है, जिनके पास 63 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास 15 लाख 38 हजार रुपए की संपत्ति है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के पास 31 लाख रुपए तथा हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर के पास 94 लाख की संपत्ति है। यह उनकी चल संपत्ति है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि 30 में से 13 मुख्यमंत्रियों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। ये सभी गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी हैं।
