मशहूर रैपर बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए एल्बम-सनक के एक गाने पर विवाद हो गया है। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी व भक्तों ने गाने पर आपत्ति जताई है। इस गाने में भगवान के नाम के साथ अश्लील शब्दों के इस्तेमाल की वजह से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। पुजारी और भक्तों ने रैपर बादशाह से भगवान का नाम हटाने और माफी मांगने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर एफ आई आर करने की चेतावनी दी है।
सनक एलबम के विवादित गाने के अंतरे में बोल हैं- कभी सेक्स तो कभी ज्ञान बांटता फिरूं, इसके बाद अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए गाने के बोल हैं.. हिट पर हिट मारता फिरूं, तीन-तीन रात मैं लगातार जागता फिरूं, भोलेनाथ के साथ मेरी बनती है सही…।
महाकाल के भक्त ऋषभ यादव ने कहा बादशाह का यह गाना अभी बहुत चल रहा है। हम शिव के भक्त हैं, जिस गाने में भोलेनाथ का नाम लिया है उसी गाने में अश्लीलता परोसी जा रही है। यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस गाने को तत्काल सोशल मीडिया से हटाया जाए और बादशाह सभी शिव भक्तों से माफी मांगें। वरना 24 घंटे में एफ आई आर दर्ज कराएंगे। महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी महेश ने भी बादशाह के गाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
पुजारी महेश ने कहा, हिंदू सनातन धर्म में छूट का दुरुपयोग हो रहा है। साधु संत कथावाचक सभी ऐसी चीजों पर मौन हैं। फिल्म स्टार हों या गायक उन्हें भगवान के नाम पर अश्लीलता फैलाने का कोई अधिकार नहीं है। बादशाह पर पूरे देश में एक साथ कार्रवाई होनी चाहिए। महाकाल सेना और पुजारी महासंघ सहित हिंदू संगठन ने तत्काल इस गाने से भगवान भोलेनाथ का नाम हटाने को कहा है।
