जयपुर के जयपुरिया अस्पताल में मंगलवार सुबह कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार कर दिया। लैब टेक्नीशियन की ओर से 2 घंटे कार्य बहिष्कार किया गया है। अस्पताल अधीक्षक महेश मंगल की कार्यप्रणाली के खिलाफ लैब टेक्निशियन विरोध पर उतरे हैं। उनके साथ नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारी भी विरोध में उतर आए।
अस्पताल में सोमवार को अधीक्षक व लेब टेक्नीशियन के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद अधीक्षक महेश मंगल ने एक लेब टेक्नीशियन को एपीओ कर दिया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह अधीक्षक महेश मंगल राउंड पर थे। उस समय कलेक्शन काउंटर पर लेब टेक्नीशियन सुभाष शर्मा की ड्यूटी थी। शर्मा ने बताया कि इस दौरान अधीक्षक उनके पास आए। उन्होंने पूछा, बाहर एक बुजुर्ग महिला बैठी है। आपने इनका सैंपल क्यों नहीं लिया? सुभाष ने जवाब दिया कि मुझे मालूम नहीं है कि बुजुर्ग महिला बैठी है। इनका अटेंडेंट डॉक्यूमेंट लेकर आया है। बुजुर्ग महिला व्हील चेयर पर मेरे पीछे बैठी है, जिसे मैं देख नहीं सका।
अधीक्षक ने सुभाष को बाहर जाने को कहा। इसी पर दोनों के बीच बहस होने लगी। बाद में अधीक्षक ने लैब टेक्नीशियन सुभाष को एपीओ कर दिया गया।
इसी मामले को लेकर अस्पताल में आज सुबह माहौल गरमा गया और लेब टेक्नीशियन के साथ बाकी कर्मचारी भी विरोध पर उतर आए।
