मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने अपने 36वें बर्थडे से 2 दिन पहले टीम के साथी खिलाड़ियों को मुंबई के एक होटल पार्टी दी। पार्टी में मुंबई इंडियंस के मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी भी नजर आए। रोहित और उनकी पत्नी रितिका सजदेह ने मेहमानों का स्वागत किया।
मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल में खेल चुके तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी भी पार्टी में पहुंचे थे। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग उन्हें खूब खरी खोटी सुना रहे हैं।
धवल कुलकर्णी जब पार्टी के लिए होटल के अंदर जा रहे थे, तभी गेट के बाहर उनके सामने एक महिला फोन पर बात करते हुए साइड में लगे बैरिकेड में उलझकर गिर जाती है। धवल ने एक पल की ओर महिला की तरफ देखा और रुके, लेकिन फिर वह खड़े होकर फोटो के लिए पोज देने लगे। हालांकि बाद में महिला को कुछ लोगों ने उठाया। इस वीडियो को वायरल होते ही धवल लोगों के निशाने पर आ गए।
एक यूजर ने लिखा, आदमी इतना निर्दयी कैसे हो सकता है। दूसरे यूजर ने लिखा, ये बेचारी गिर गई और ये कौन है जो पोज दे रहा है? तीसरे ने लिखा कि क्रिकेटर लोग बस अपना ही देखते हैं, उन्हें किसी की फिक्र नहीं होती—सेल्फिश। पार्टी मे मुंबई इंडियंस के पूर्व ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड, हरभजन सिंह, सूर्यकुमार यादव सहित कई खिलाड़ी दिखाई दिए। 34 साल के धवल कुलकर्णी ने भारत की ओर से 12 वनडे और 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।
