जोधपुर पुलिस ने इस वांटेड अपराधी को सुरत से गिरफ्तार किया। पुलिस को आरोपी अजय पाल की लोकेशन गुजरात में मिली थी। वह सूरत में फरारी काट रहा था। वहां से दबिश देकर उसे जोधपुर लाया गया है।
राजस्थान पुलिस ने आज एक लाख के इनामी गैंगस्टर व शॉर्प शूटर अजयपाल को सूरत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसकी तलाश काफी समय से थी। उसने पुलिस कस्टडी में ही एक बंदी की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
कुछ महीने पहले भी सूरत के एक फ्लेट में जोधपुर पुलिस ने दबिश दी थी। मगर पुलिस के पहुंचने से पहले ही अजयपाल फरार हो गया था। तब पुलिस ने उसकी पत्नी व भाई को गिरफ्तार कर अजयपाल की कार बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने पाली के गुडा एंदला में घेराबंदी कर दबिश दी, लेकिन वहां से भी अजयपाल भागने में सफल हो गया।
अजयपाल उर्फ एपी पर दो हत्या करने का आरोप है। उसके खिलाफ पुलिस की हिरासत से फरार होने तथा अन्य कई गंभीर अपराध भी दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि अजय पाल सिंह पर 2015 में एक मामला रातानाडा थाने में दर्ज किया गया था। इसमें उसकी गिरफ्तारी हुई और वह जोधपुर के सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था। 2019 में वह पैरोल पर रिहा हुआ, लेकिन वह वापस जेल में उपस्थित नहीं हुआ।
पैरोल पर फरार इस शूटर ने फरारी के दौरान कई हत्याएं की। इसमें 18 दिसंबर 2021 में सुरेश की भी हत्या शामिल थी। जोधपुर पुलिस ने हाल ही में बंदी सुरेश की हत्या के मुख्य षड़यंत्रकारी में से एक दस हजार का इनामी बदमाश सुरेन्द्र सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। इसके पास से एक 12 बोर की राइफल व 10 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इस ऑपरेशन में पुलिस ने 6 राज्यों से 27 अपराधियों को पकड़ा। उनसे सुराग मिलने पर पुलिस शार्प शूटर अजय पाल तक पहुंची।
